रिपोर्ट:- शरद मिश्रा “शरद”
लखीमपुर खीरी। वन क्षेत्र लुधौरी अंतर्गत बैलहा डीह गांव में तेंदुए का आतंक देखने को मिला है। यहां के निवासी 55 वर्षीय नंदकिशोर यादव पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे किसान की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब किसान अपने गांव के समीप खेत में लाही की फसल काट रहा था। तभी पास में गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने किसान पर हमला कर दिया और गन्ने के खेत में घसीट ले गया।
पास के खेतों में काम कर रहे अन्य लोगों को जब चीखने के आवाज सुनाई दी तो मौके पर गए मगर तब तक नंदकिशोर की मौत हो चुकी थी। बुधवार को अदलाबाद निवासी रामनरेश गुप्ता पर भी तेंदुए ने हमला कर घायल किया था। जिन्हे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था। बैलहा डीह गांव चारो तरफ से खैर के जंगलों के बीच में है इसलिए जंगली जानवरों का खतरा अधिकांश बना रहता है।
शुरुआत में ग्रामीणों को संदेह था कि किसान पर हमला किसी बाघ ने किया है, लेकिन बाद में मिले पगमार्क से स्पष्ट हो गया कि तेंदुए ने हमला किया। घटना की जानकारी पर पहुंची वन विभाग की टीम इलाके में नजर बनाए हुए है। रेंजर गजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया की तेंदुए के हमले से किसान की मौत हुई है। ग्रामीणों को अलर्ट किया गया है कि वे ग्रुप बनाकर रहें और उस क्षेत्र में जाने से बचें जहां तेंदुए ने किसान पर हमला किया है।