गोंडा, उत्तर प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोंडा जिला अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप एक वायरल वीडियो के चलते विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस वीडियो में उन्हें पार्टी कार्यालय में एक महिला कार्यकर्ता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा गया है। इस घटना के बाद पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
वीडियो में क्या है?
यह वीडियो 12 अप्रैल की रात का बताया जा रहा है, जिसमें अमर किशोर कश्यप अपनी कार से पार्टी कार्यालय पहुंचते हैं। वीडियो फुटेज में दिखता है कि उनकी कार से एक महिला उतरती है और कार्यालय की ओर बढ़ती है। इसके बाद कश्यप भी उसके पीछे जाते हैं और सीढ़ियों पर कथित रूप से महिला के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं।
नेता की सफाई
अमर किशोर कश्यप ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे विपक्षी पार्टियों की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन की घटना का जिक्र किया जा रहा है, उस दिन महिला कार्यकर्ता की तबीयत खराब थी और उसने आराम करने के लिए कहा था। पार्टी कार्यालय ले जाते समय सीढ़ियों पर महिला को चक्कर आया, इसलिए उसे सहारा देना पड़ा।
सहजन (मुनगा) के पेड़ पर प्रकृति का वरदान, इसके औषधीय गुणों के बारे में जानकर आप चौक जाएंगे।
पार्टी की प्रतिक्रिया
वीडियो के वायरल होते ही राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने जिलाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने कहा कि यह कृत्य पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक उत्तर न मिलने की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
महिला कार्यकर्ता का बयान
महिला कार्यकर्ता ने भी इस मामले में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमर किशोर कश्यप उनके पारिवारिक सदस्य हैं और यह वीडियो उन्हें बदनाम करने की साजिश के तहत वायरल किया गया है। उन्होंने थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।