रिपोर्ट:- शरद मिश्रा “शरद”
निघासन, संवादाता। इलाके के कई गांवों में बरसात के सीजन में तबाही मचाने वाले बहतिया नाले का बरसात से पहले प्रबंध करने की लोगों ने मांग की थी। क्षेत्रवासियों की मांग पर प्रशासन ने इस कार्य को करने की मोहर लगा दी है। यह तमोलिनपुरवा बंधा ग्राम पंचायत लालपुर के अंतर्गत आता है जिसके चलते ग्राम निधि व मनरेगा के माध्यम से बंधा बनवाया जाएगा। इससे पूर्व भी मनरेगा से ही इस बंधे का निर्माण किया गया था मगर भीषण बाढ़ की चपेट में आने से बंधा कट गया था।
किसानों के गन्ना भुगतान को लेकर योगी सरकार का बड़ा कदम, तीन चीनी मिलों पर बड़ी कार्यवाही।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर घाघी नाले की तरह इस नाले के किनारे भी बंधा बनवा दिया जाए तो इससे काफी निजात मिल सकती है। क्योंकि बरसात के मौसम के आने के पहले ही इधर के कई गांवों के लोगों को हर साल चिंता सताने लगती है। शारदा नदी से जुड़े बहतिया नाले की वजह से तमोलिनपुरवा, गौढ़ीपुरवा, चंदनपुरवा, लालपुर, झंडी, अदलाबाद, पचपेड़ी, कुर्मिनपुरवा, बरोठा, करमूपुरवा, लोनियनपुरवा, गुलरीपुरवा, टापरपुरवा जैसे दर्जनों गांव को बाढ़ की तबाही झेलनी पड़ती है। पिछले साल नाले ने इन गांवों के किसानों की फसलें नष्ट करके खेतों को भी काट दिया था। जब इस बंधे का निर्माण हो जाएगा तो बाढ़ का पानी बहतिया नाले से झंडी, अदलाबाद होते हुए शारदा नदी में गिर जाएगा। इससे इलाके को बाढ़ और नुकसान से मुक्ति मिलेगी।
इस दिन खातों में भेजी जाएगी किसान सम्मान निधि की अगली किस्त मगर अब सिर्फ इन किसानों को मिलेगा लाभ।
शुक्रवार को कार्य शुरू होने से पहले बीडीओ जयेश कुमार सिंह ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और बताया बंधा तीन जगह से काफी कटा हुआ है ग्राम निधि व मनरेगा से कार्य शुरू करवा दिया गया है। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र को बाढ़ से काफी निजात मिलेगी।
निघासन क्षेत्र के लोगों ने राजा झंडी राज राजेश्वर सिंह से मिलकर ये मांग उठाई थी कि यदि तमोलिनपुरवा बंधे का निर्माण हो जाए तो क्षेत्र को काफी हद तक बाढ़ से बचाया जा सकता है। क्षेत्रवासियों की मांग पर राजा राज राजेश्वर सिंह ने तमोलिनपुरवा बंधा निर्माण को लेकर प्रयास शुरू किया और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल से मिलकर इस बंधे के बारे में अवगत कराया। जिसके बाद डीएम के निर्देश पर तमोलिनपुरवा बंधे पर निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। इस कार्य को लेकर क्षेत्रीय लोग राजा राज राजेश्वर सिंह की जमकर सराहना कर रहे है।